रांची : झारखंड राज्य वित्तरहित शिक्षा संघर्ष मोर्चा व झारखंड इंटर
कॉलेज शिक्षक संघ इंटरमीडिएट संपूरक परीक्षा के उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन का
बहिष्कार करेंगे. संपूरक परीक्षा में सभी विषयों में इंटर कॉलेज के शिक्षक
को परीक्षक नहीं बनाये जाने का इंटर कॉलेज के शिक्षक विरोध कर रहे हैं.
इंटर संपूरक परीक्षा के उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन को लेकर दुमका व रांची में
मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है.
शिक्षक संघ का कहना है कि जैक द्वारा इंटर कॉलेज के उन विषय के शिक्षक को ही परीक्षक बनाया गया है, जिसमें प्लस टू विद्यालय में शिक्षक नहीं हैं. इंटर कॉलेज के शिक्षकों को राजनीतिशास्त्र, मनोविज्ञान, मानव शास्त्र, गृह विज्ञान, जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा जैसे विषयों में ही परीक्षक बनाया गया है. इन विषयों के प्लस टू हाइस्कूल में शिक्षक नहीं हैं. झारखंड राज्य वित्तरहित शिक्षा संघर्ष मोर्चा के रघुनाथ सिंह ने कहा है कि इंटर कॉलेज के शिक्षक किसी भी विषय में मूल्यांकन कार्य नहीं करेंगे. राज्य भर के इंटर कॉलेज के शिक्षक जैक कार्यालय का घेराव करेंगे. रांची व दुमका में इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने योगदान नहीं दिया. झारखंड इंटर कॉलेज शिक्षक संघ के डॉ सुनील कुमार सिन्हा ने कहा कि इस निर्णय से राज्य के इंटर कॉलेज के शिक्षकों में रोष है. जैक से यह निर्णय वापस लेने की मांग की है.
क्या कहते हैं जैक अध्यक्ष
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद सिंह ने
कहा कि मैट्रिक व इंटर संपूरक परीक्षा का मूल्यांकन शुरू हो गया है.
मूल्यांकन को लेकर रांची व दुमका में केंद्र बनाया गया है. मूल्यांकन कार्य
में लगाये गये शिक्षक योगदान दे रहे हैं. मूल्यांकन में कोई परेशानी नहीं
है. आगे अगर कोई परेशानी होगी, तो समाधान निकाला जायेगा.