अल्पसंख्यक प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय शिक्षक और कर्मचारी समन्वय समिति का
सम्मेलन शनिवार को धनबाद प्राण जीवन एकेडमी में हुआ। इसमें प्राथमिक और
माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा हुई।
मध्य विद्यालयों में नवनियुक्त शिक्षकों का सेवा अनुमोदन, सप्तम वेतनमान
लागू करने, अर्जित अवकाश का नकद भुगतान, अंशदायी पेंशन योजना लागू करने और
प्रवरण वेतनमान लागू करने की मांगें इनमें शामिल हैं। वक्ताओं ने कहा कि वे
कई महीनों से अपनी इन मांगों के लिए आंदोलन करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार
ने कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की। इसलिए शिक्षकों ने बाध्य होकर 5 सितंबर
यानी शिक्षक दिवस पर राजभवन का घेराव करने का निर्णय लिया है। इसमें
राज्यभर के शिक्षक शामिल होंगे। सम्मेलन को गेना राय, अजय कुमार सिंह, बृज
मोहन मिश्रा, माधवी जोसफ, संजय कुमार सिंह, मोहम्मद इसराइल, इंद्राणी
चक्रवर्ती, मिथलेश लाल कर्ण आदि ने संबोधित किया। मंच संचालन आशीष कुमार
भट्टाचार्य ने किया और धन्यवाद ज्ञापन विमलेश कुमार ने किया। सम्मेलन में
प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों के सैकड़ों शिक्षक शामिल हुए।
प्राण जीवन एकेडमी में सम्मेलन के दौरान संबोधित करतीं समिति की सदस्य।
उमाशंकर अध्यक्ष और आशीष बने सचिव
सम्मेलन में सर्वसम्मति से अल्पसंख्यक माध्यमिक शिक्षक संघ की नई
कमेटी का गठन किया गया। इसमें खालसा उच्च विद्यालय के शिक्षक उमा शंकर सिंह
अध्यक्ष और प्राण जीवन एकेडमी के शिक्षक आशीष कुमार भट्टाचार्य सचिव चुने
गए। इसके साथ ही इंद्राणी चक्रवर्ती और एचए उस्मानी को संरक्षक, असीम जफर
और विमलेश्वर कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं, छवि मुखर्जी, बीसी राय,
आरएन मिश्रा को संयुक्त सचिव, जयंत कुमार मिश्रा को कोषाध्यक्ष और उपेंद्र
राय, मंजुला मिश्रा, मोहम्मद मुस्तफा, देवानंद प्रसाद तथा रवींद्र प्रसाद
को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
100 प्रतिशत रिजल्ट देने वाले शिक्षक होंगे सम्मानित
धनबाद | राज्य सरकार की ओर से 5 सितंबर को आयोजित शिक्षक दिवस
समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए जिला शिक्षा विभाग की ओर से अपने विषय में शतप्रतिशत रिजल्ट देने
वाले 24 शिक्षकों की सूची राज्य सरकार को भेज दिया है। इनमें गणित विषय में
रोहित कुमार, परमेश्वर प्रसाद साव, अंग्रेजी विषय में राहुल चौबे, दलजीत
कौर, मनोज कुमार महतो, संस्कृत विषय में राश बिहारी सिंह, पवन कुमार झा,
शितौली कुमारी, दयानंद सिंह, विज्ञान में भी रोहित कुमार और परमेश्वर
प्रसाद साव का नाम शामिल किया गया है।
जिले के सभी विद्यालयों में सितंबर के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा ज्ञान सेतु
धनबाद | बच्चों के शैक्षणिक अधिगम संवर्धन को लेकर महत्वपूर्ण
कार्यक्रम ‘ज्ञान सेतु’ की शुरुआत की सुगबुगाहट जिले में भी शुरू हो गई है।
जिला शिक्षा अधीक्षक विनीत कुमार ने सभी विद्यालयों को कार्यक्रम को लेकर
आधार रेखीय आकलन करने का निर्देश दिया है । इस आधार रेखीय आकलन में कक्षा 3
से 8 के सभी बच्चों का बेसलाइन मूल्यांकन किया जाना है। इस बेसलाइन
मूल्यांकन के आधार पर बच्चों को विविध समूहों यथा लक्ष्य, प्रगति, सुगम तथा
सुबोध में सामूहिकरण करना है। कक्षा 1 और 2 के सभी बच्चों को निर्माण नामक
समूह में रखा जाना है । इन समूहों के वर्गीकरण के आधार पर सभी विद्यालयों
में वर्कशीट का वितरण किया जाएगा। विदित हो कि 5 सितंबर को ‘ज्ञान सेतु’
कार्यक्रम का राज्यस्तरीय लॉन्चिंग किया जाना है। जिले में सितंबर के दूसरे
सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। पहली बार ई-टेंडर के माध्यम से
वर्कशीट निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। जिसे आगरा की एक कंपनी
को दिया गया था। 8 सितंबर तक वर्कशीट छपकर आने की संभावना है। इसके बाद इसे
विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा।