ऑनलाइन मोबाइल कॉल से मार्केटिंग करने के मामले में पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा
में तीन लोगों के ठगी के शिकार होने की खबर सामने आई है. ठगी के शिकार हुए
तीनों लोग समाज के बुद्धिजीवी वर्ग से आते हैं. एक सेवानिर्वृत शिक्षक हैं, एक वकील हैं तो एक वन अधिकारी हैं. सूत्रों के अनुसार ऑनलाइन ठगी की और भी कई घटनाएं घटी हैं मगर वे सामने नहीं आए हैं.
चाईबासा व्यवहार न्यायालय में वकालत कर रहे वकील संतोष गुप्ता एक मोबाइल कॉल के झांसे में आकर ठगी का शिकार हो गए. उन्हें लकी ड्रॉ
के तहत कम कीमत पर मोबाइल देने की सूचना दी गई. उन्होंने बगैर समझे झट से
मोबाइल बुक करा दिया और जब पोस्ट ऑफिस में मोबाइल आया तो पैकेट में कुछ
कागज और कुछ मूर्तियां थीं. दूसरी तरफ कुमारडुंगी प्रखंड के सेवानिर्वृत
शिक्षक सोनाराम सुरीन से मोबाइल पर तीन लाख रूपयों की ठगी इंश्योरेंस के
नाम पर कर ली गई.
ऐसे ही वन विभाग के एक अधिकारी भी ऑनलाइन मार्केटिंग में ठगी के शिकार हुए
हैं. वकील और शिक्षक अब थाने और कोर्ट का चक्कार लगा रहे हैं. लेकिन वन
विभाग के अधिकारी ने कोई मामला दर्ज नहीं कराया है. चाईबासा पुलिस शिक्षक
और वकील के मामलों की जांच में जुटी है.
घटना के संदर्भ में चाईबासा के डीएसपी
प्रकाश सोय ने कहा कि पुलिस ने ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कर ली है.
अनुसंधान किया जाने लगा है. इस घटना के बारे में एक सप्ताह के बाद ही कुछ
कहा जा सकता है.