Important Posts

Advertisement

शिक्षा मंत्री का घेराव करने पहुंचे अभ्यर्थियों ने कहा- शिक्षक नियुक्ति में दो विषयों की बाध्यता समाप्त हो

हाईस्कूलशिक्षक नियुक्ति में दो विषयों की अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर मंगलवार को अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव के आवास का घेराव किया। आरक्षण अधिकार मोर्चा के बैनर तले घेराव कर रहे अभ्यर्थियों का नेतृत्व पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने किया।
इस क्रम में हाथों में तख्तियां लिए स्टूडेंट्स सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। हालांकि घेराव के दौरान शिक्षा मंत्री अपने आवास में नहीं थीं। उनकी अनुपस्थिति में अभ्यर्थियों ने उनके पीएस अभय कुमार सिन्हा को मांग पत्र सौंपा।

घेराव में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि शिक्षक नियुक्ति में दो विषयों की बाध्यता की वजह से राज्य के लगभग 20 हजार अभ्यर्थी फाॅर्म भरने से वंचित रह गए हैं। कहा कि पांच दिनों के अंदर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यभर में आंदोलन चलाया जाएगा। घेराव करनेवालों में मुख्य रूप से अजय चौधरी, मनोज यादव, दिलीप कुमार, कुसुम लकड़ा, लक्ष्मी, मंजु, वेद प्रकाश, नीतीश, रूपेश, निरंजन समेत सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल थे।

पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि राज्य में विकट परिस्थिति उत्पन्न हो गई है। शिक्षा मंत्री तक छात्रों की आवाज पहुंचाने के लिए एक पूर्व शिक्षा मंत्री को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। यह घेराव छात्रों के न्याय के लिए है। छात्र नेता अजय चौधरी ने कहा कि साजिश के तहत हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति से पहले विषय की बाध्यता लाई गई, ताकि झारखंड के छात्र आवेदन नहीं कर सकें। दिलीप कुमार ने कहा कि जब राज्य के विश्वविद्यालयों में विषय लेने की बाध्यता नहीं है, ऐसे में नियुक्ति परीक्षा में दो विषयों की बाध्यता अनुचित है।

UPTET news

Photography