Important Posts

Advertisement

सभी कॉलेज बनाएं वेबसाइट हर दिन लोड करें लेशन प्लान

भास्करन्यूज | मेदिनीनगर अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (एआईएसएचई) के स्टेट नोडल पदाधिकारी सह उच्च तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास विभाग के परियोजना उपनिदेशक डॉ शंभू दयाल सिंह ने एनपीयू पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सभी कॉलेजों को नैक की योग्यता हासिल करने तथा अपने कॉलेजों की वेबसाइट तैयार करने सहित इंटर्नल क्वालिटी एसेस्मेंट सेल स्थापित किए जाने की बात कही गई।

बैठक में नोडल पदाधिकारी ने कहा कि तीन जून 2016 को गढ़वा स्थित गोपीनाथ सिंह महिला कॉलेज को उसकी आधारभूत संरचना तथा गुणवत्ता को देखते हुए हॉस्टल निर्माण के लिए केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) को ढाई करोड़ रुपया दिया गया। मंशा यह है कि एनपीयू का हर कॉलेज अपनी आधारभूत संरचना तथा शैक्षणिक गुणवत्ता का विकास कर सकें। उन्होंने कहा कि एनपीयू में इस तरह का सहयोग पहली बार गोपीनाथ सिंह कॉलेज को प्राप्त हुआ है। एनपीयू के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालय 30 नवंबर तक अपने कॉलेज की एक वेबसाइट तैयार करने के साथ-साथ उसे सक्रीय रखने और उसमें हर दिन का लेशन प्लान अपलोड करें। बैठक में 9 नवंबर तक इंटर्नल क्वालिटी एसेस्मेंट सेल का गठन करने एवं 31 दिसंबर तक नैक को लेकर अपने संस्थान का सेल्फ स्टडी रिपोर्ट (एसएसआर) अपलोड करने को कहा गया। यह भी कहा गया कि एआईएसएचई के तहत 15 नवंबर तक सभी कॉलेज अपना रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि वहां टीचर इन्फार्मेशन फॉर्मेट में शिक्षकों के संबंध में जानकारी दी जा सके। बैठक में 31 दिसंबर तक सभी कॉलेजों को 15 वर्ष का विजन प्लान, 6 वर्ष का पर्सपेक्टिव प्लान, तीन वर्ष का एक्शन प्लान तथा एक साल का इंटर्नल डेवलपमेंट प्लान बनाने का निर्देश दिया गया। बैठक की अध्यक्षता एनपीयू के कुलपति डॉ एएन ओझा ने की। बैठक में पीवीसी डॉ विजय सिंह, कुलसचिव डॉ अमर सिंह, एनपीयू के एआईएसएचई के नोडल पदाधिकारी डॉ महेन्द्र राम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

एसएलक्यूएसी की बैठक 11 को

बैठक में दिए गए निर्देश तथा विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श की समीक्षा को लेकर 11 नवंबर को रांची में स्टेट लेबल क्वालिटी असेस्मेंट सेल (एसएलक्यूएसी) की बैठक बुलायी गई है जिसमें एनपीयू, कोल्हान तथा रांची विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों के प्राचार्य शामिल होंगे। वहीं एआईएसएचई के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ शंभू दयाल सिंह के नेतृत्व में 13 नवंबर को पुन: जीएलए कॉलेज में बैठक होगी।

UPTET news

Photography