Important Posts

Advertisement

झारखंड : परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक करा रहे चोरी, बांट रहे हैं स्लिप

रांची : मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में कई परीक्षा केंद्रों पर  वीक्षण कार्य के लिए तैनात शिक्षक ही चोरी करा रहे हैं.  शिक्षा सचिव को रांची के कुछ परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक के सहयोग से कदाचार कराये जाने की शिकायत मिली है. 
स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह ने इस संबंध में रांची के उपायुक्त को पत्र लिखा है. शिक्षा सचिव द्वारा लिखे गये पत्र में कहा गया है कि विद्यार्थियों ने परीक्षा केंद्र नाम के साथ इस बात की शिकायत की है कि जिला के कुछ परीक्षा केंद्रों पर खुलेआम कदाचार हो रहा है. इसमें वीक्षण कार्य के लिए तैनात शिक्षक के शामिल होने की शिकायत मिली है. परीक्षा में चोरी होने पर वीक्षक कोई कार्रवाई नहीं करते हैं. कई बार तो शिक्षक इसमें शामिल होकर चिट बांटते हैं. 
 
दंडाधिकारी भी नियमित रूप से जांच नहीं करते हैं. लड़कियों की जांच के लिए केंद्र पर महिला वीक्षक व दंडाधिकारी उपलब्ध नहीं हैं. कई परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक ही प्रश्न पत्र का फोटो खींच कर वाट्सएप पर बाहर भेजते हैं. परीक्षार्थी शौचालय के बहाने चिट लाते है, और चाेरी करते हैं. 
 
करायें वीडियोग्राफी  : शिक्षा सचिव ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया है.  उन्होंने कहा है कि जिले के वरीय पदाधिकारियों को पर्यवेक्षण का काम दिया जाये. धावा  दल और दंडाधिकारी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी करायेें. परीक्षा केंद्रों पर किसी भी छात्र अथवा वीक्षक के पास मोबाइल न हो, इसका ध्यान रखा जाये. सभी परीक्षार्थी अपना मोबाइल केंद्रों पर  प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और केंद्र अधीक्षक को दें. 
 
मोबाइल के सुरक्षित  रखने और परीक्षा खत्म होने के बाद उसे संबंधित छात्रों को सौंपने की  जवाबदेही केंद्रों पर इन्हीं दोनों अधिकारियों की होगी. छात्रों को यह  चेतावनी भी दी जाये कि वे अगली बार से केंद्र तक मोबाइल नहीं लायें. रैंडम  तरीके से जिले के वरीय पदाधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर प्राचार्य, केंद्र  अधीक्षक और दंडाधिकारियों के मोबाइल की भी जांच कर लें.
 
केंद्र अधीक्षक,  दंडाधिकारी और प्राचार्यों के मोबाइल का दुरुपयोग न हो, इस आदेश का अनुपालन  भी जरूरी है. प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर एक महिला दंडाधिकारी की तत्काल  प्रतिनियुक्ति करने के आदेश भी दिये गये. सुरक्षित महिला वीक्षकों की  प्रतिनियुक्ति भीसभी केंद्रों पर करने के आदेश दिये गये हैं. जिले के  उपायुक्तों को यह कार्रवाई करते हुए विभाग को सूचित करने का आदेश दिया गया है.
 
इन परीक्षा केंद्रों के बारे में मिली शिकायत 
 

गर्ल्स स्कूल बुंडू, पीपीके कॉलेज, रमेश सिंह मुंडा हाइस्कूल, महिला कॉलेज, जेवियर कॉलेज बुंडू, कुदाडीह गर्ल्स स्कूल, राहे स्कूल राहे, बुढ़डीह स्कूल राहे, ग्राम विकास स्कूल सिल्ली, प्रोजेक्ट कॉलेज, एसएस हाइस्कूल इंडाल, उर्सुलाइन स्कूल मुरी, एसएस हाइस्कूल सोनाहातू, राज्य संपोषित शिव उच्च विद्यालय सोनाहातू. 

UPTET news

Photography