Important Posts

Advertisement

513 प्लस टू शिक्षक नियुक्ति के लिए 789 शॉर्टलिस्टेड

रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने प्लस टू स्कूलों में तीन विषयों (भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं इतिहास) में 513 स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए मुख्य परीक्षा के आधार पर 789 शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी। इनके प्रमाणपत्रों की जांच के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा। मुख्य परीक्षा 19 फरवरी को रांची के 23 केंद्रों पर हुई थी।

आयोग ने मुख्य परीक्षा के आधार पर शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों की सूची जारी करते हुए प्रमाणपत्रों की जांच के लिए तिथि भी निर्धारित कर दी है। प्रमाणपत्रों की जांच 7 जून से 13 जून तक आयोग कार्यालय में दो पालियों में क्रमांक के अनुसार होगी। पहली पाली में सुबह 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तथा दूसरी पाली में अपराह्न ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक प्रमाणपत्रों की जांच होगी। अभ्यर्थियों को मूल प्रवेश पत्र के अलावा तमाम आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ बुलाया गया है। हाई स्कूल शिक्षक कोटे से चयनित अभ्यर्थियों को तीन साल के अनुभव का प्रमाणपत्र भी लाने को कहा गया है। आयोग के अनुसार, शॉर्टलिस्टेड होना अंतिम चयन नहीं है। इसमें पदों से अधिक अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। साथ ही इस सूची में अन्य अभ्यर्थियों के नाम भी शामिल किए जा सकते हैं। प्रमाणपत्रों की जांच के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक विषयों में कुल पदों के पंद्रह गुना आवेदन नहीं मिलने के कारण प्रारंभिक परीक्षा के बदले सीधे मुख्य परीक्षा हुई थी। इसमें लगभग 15 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 513 स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति में 258 पदों पर सीधी भर्ती, जबकि 255 पदों पर हाई स्कूलों में तीन साल सेवा देनेवाले शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। बता दें कि राज्य के प्लस टू स्कूलों में वर्ष 2012 में ही अन्य विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। उस समय किसी कारणवश इन विषयों में नियुक्ति नहीं हो पाई थी। इन विषयों के लिए नियुक्ति पत्र शुरू करने में चार साल से अधिक समय लग गए।
किस विषय में कितने शॉर्टलिस्टेड
सीधी भर्ती के लिए
रसायन विज्ञान : 185
भौतिकी : 162
इतिहास : 219
हाई स्कूल शिक्षकों के लिए
रसायन विज्ञान : 51
भौतिकी : 18

इतिहास : 154

UPTET news

Photography