जिला प्रशासन द्वारा शिक्षक का हस्तांतरण एवं विद्यालय में शिक्षक पोस्टिंग
नहीं होने से आक्रोशित अप ग्रेड टेन प्लस टू विद्यालय चैनपुर के
छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। शिक्षक की मांग को लेकर सभी
छात्र-छात्रा नारा लगाते हुए गोविन्दपुर-साहेबंगज मुख्य राज्य पथ पर जुम्मन
मोड के समीप सड़क पर बैठ गए।
जिससे मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो
गया। करीब ढाई घंटे सड़क जाम रहा। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी
कतार लग गई। छात्र जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
स्थानांतरित शिक्षक रामधन चाैबे एवं विजय कुमार सिंह को विद्यालय में वापस
भेजने की मांग बच्चे कर रहे थे। मौके पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी
सुभाष प्रसाद, नारायणपुर थाना प्रभारी बीके सिंह एवं सीआरपी राघवेन्द्र
नारायण सिंह के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम समाप्त किया।
बीईईओ ने कहा कि 17 जुलाई तक अपग्रेड 10 प्लस टू विद्यालय में अतिरिक्त दो
शिक्षक का पदस्थापना कर दिया जाएगा। विद्यालय में वर्तमान समय में महज एक
शिक्षक कार्यरत है। दो शिक्षक ग्रामीणों की मांग पर यहां प्रतिनियोजन किया
गया था। इन दोे शिक्षकों का स्थानांतरण अन्य विद्यालय में कर दिया गया हैं।
लेकिन उनके स्थान पर अन्य शिक्षक की प्रतिनियोजन नहीं किया गया है।
विद्यालय में नामांकित है 586 बच्चे :विद्यालय में नामांकित कुल
बच्चों की संख्या 586 है। इन बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी एक मात्र
शिक्षक पर हो जाने से छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। शिक्षकों की कमी
के कारण पढ़ाई पर असर पड़ने लगा था। कई बार अभिभावकों द्वारा विद्यालय में
शिक्षक प्रतिनियोजन की मांग कर चुके है मगर शिक्षक का प्रतिनियोजन नहीं
किया गया। वर्ष 2016 में विद्यालय को प्ल्स टू का दर्जा मिला। दर्जा मिलने
के बाद ग्रामीणों को लगा कि अब शिक्षक की पोस्टिंग होगी। लेकिन दो वर्ष बीत
जाने के बाद भी शिक्षकों की पोस्टिंग नहीं हो पाई। जिससें विद्यालय के
छात्र छात्राओं में आक्रोश गहरा गया।
शिक्षकों का 13 पद हैं स्वीकृत : विद्यालय में शिक्षकों का कुल 13
पोस्ट स्वीकृत है। वर्तमान समय में महज एक शिक्षक कार्यरत है। विभाग के
द्वारा दो वर्ष बीत जाने के बाद भी शिक्षक की कमी को दूर नहीं किया गया।
इसके अलावे विद्यालय में एक चपरासी एवं एक आदेशपाल का पद स्वीकृत है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि
छात्र छात्राओं को सड़क पर उतरने के लिए मना किया गया। लेकिन नहीं माने
नारे लगाते हुए विद्यालय से बाहर निकल गए। विद्यालय में शिक्षक की कमी हैं।
मात्र एक शिक्षक विद्यालय में कार्यरत है।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कहा: बीईईओ सुभाष प्रसाद ने कहा कि
टेन प्लस टू विद्यालय चैनपुर में शिक्षक की कमी है। विद्यालय में दो शिक्षक
का प्रतिनियोजन 17 तक कर दिया जाएगा। विद्यालय के सभी सीटों को भरने के
लिए वरीय पदाधिकारी से डिमांड किया गया है।