झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ कोडरमा जिला इकाई की बैठक आदर्श मध्य विद्यालय
झुमरी तिलैया में हुई। बैठक में हाल में किए गए स्थानांतरण व प्रतिनियोजन
में की गई विसंगतियों पर चर्चा की गई।
जिसपर संघ ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि सरकार के प्रधान सचिव के
निर्देश के आलोक में राज्य के सभी स्थानांतरण व पदस्थापना वर्ष में केवल एक
बार जून-जुलाई माह में किए जाने के आदेश को धत्ता बताते हुए जिला शिक्षा
अधीक्षक कोडरमा ने युक्तिकरण को ढ़ाल बनाकर शिक्षकों का स्थानांतरण व
प्रतिनियोजन दिसंबर माह में किया है जो नियम का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला ने कहा कि
प्राथमिक शिक्षा, स्कूली शिक्षा व साक्षर विभाग के निर्देश के द्वारा
स्थानांतरण व प्रतिनियोजन के राज्यस्तरीय नई नियमावली गठन होने पर किसी भी
तरह की स्थानांतरण व प्रतिनियोजन को स्थगित करने के आदेश जिला को प्राप्त
होने के बावजूद भी कोडरमा जिला में हाल में किए गए स्थानांतरण को वापस करने
में शिथिलता बरती जा रही है। जिसको लेकर शीघ्र संघ की ओर से धरना-प्रदर्शन
करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि नियमावली के उल्लंघन की
पुनर्याचिका के लिए संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलेगा। न्यायोचित
कार्रवाई नहीं होने पर संगठन न्यायालय के शरण में जाने को बाध्य होगा।
मौके पर उपाध्यक्ष नित्यानंद प्रसाद सिन्हा, महासचिव ओमप्रकाश पांडेय, भोला
दास, प्रभात कुमार सिन्हा, विनय कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, संजय
कुमार पासवान, उमेश पासवान, प्रमोद कुमार, रविशंकर प्रसाद, कृष्णकांत सिंह,
विनोद कुमार स्वर्णकार, सुरेश कुमार, अनिल कुमार, कांति कुमारी, विशुन
साव, नीलम कुमारी, शीला चौधरी, सुनैना कुमारी, प्रद्युमन त्रिपाठी, विजय
राम, अरविंद कुमार, प्रेमलता मिश्रा, कंचनलता वर्णवाल सहित अन्य शिक्षक
मौजूद थे।