Important Posts

Advertisement

मुख्यमंत्री जी! आपने पारा शिक्षकों को लॉलीपॉप पकड़ा दिया : एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चे

Ranchi : एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने मुख्यमंत्री रघुवर दास की तरफ से बनायी गयी कमिटी को लॉलीपॉप करार दिया है. मुख्यमंत्री ने गुरुवार को शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव की अध्यक्षता में कमिटी बनाकर पारा शिक्षकों के आंदोलन को समाप्त कराकर उन्हें काम पर लौटने की बातें कहीं.
इस पर मोर्चा के ऋषिकेश पाठक, विनोद बिहारी महतो, संजय दुबे और बजरंग प्रसाद तथा अन्य ने टिप्पणी करते हुए कहा है कि सरकार ने कमिटी गठित कर पारा शिक्षकों को लॉलीपॉप थमा दिया है. इन लोगों का कहना है कि आज भी 67 हजार पारा शिक्षक हड़ताल पर हैं. कई विद्यालयों में ताला लगा हुआ है और प्राथमिक शिक्षा पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है. इतना सबकुछ होने के बाद सरकार पारा शिक्षकों के प्रति संवेदनशील नहीं है और ढुलमुल नीति अपना रही है.

जारी रहेगा पारा शिक्षकों का आंदोलन

इन नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री की पहल सराहनीय है, पर बिना वार्ता किये, बगैर उनकी समस्याओं को सुने कमिटी बना दी. ऐसी कमिटियां कई बार बनीं, पर नतीजा कुछ नहीं निकला. सरकार की कमिटी में पारा शिक्षकों का प्रतिनिधित्व नहीं है. इससे पहले भी सरकार के स्तर पर वार्ता कर मोर्चा की सहमति नहीं ली गयी. उपरोक्त नेताओं का कहना है कि आंदोलन के दौरान पारा शिक्षकों को लाठियां खानी पड़ी, सरकार ने 280 से अधिक पारा शिक्षकों (महिला समेत) को जेल भेज दिया. 10 से अधिक पारा शिक्षकों की मौत हो गयी. ऐसे में एक साधारण कमिटी बनाने का कोई लाभ नहीं होनेवाला है. पारा शिक्षकों का आंदोलन लगातार जारी रहेगा. हमारा संघर्ष रुकनेवाला नहीं है.

UPTET news

Photography