Important Posts

Advertisement

हड़ताल पर गए पारा शिक्षक, आज से नहीं जाएंगे स्कूल

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पारा शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। शनिवार से ये पारा शिक्षक स्कूल नहीं जाएंगे। हड़ताल के दौरान रोजाना सभी प्रखंड के पारा शिक्षक प्रखंड संसाधन केंद्र पर धरना देंगे।
इसकी औपचारिक सूचना एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक को दे दी गई है। ज्ञापन सौंपने से पूर्व सभी पारा शिक्षकों ने अपने-अपने स्कूलों में हाजिरी बनाई तथा साकची आमबगान में जुटे। यहां से सैकड़ों पारा शिक्षक जुलूस की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय में झारखंड सरकार, मुख्यमंत्री और भाजपा के खिलाफ नारा लगाते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पारा शिक्षकों ने रांची में लाठीचार्ज की पुरजोर निंदा की। प्रदर्शन के दौरान शिक्षिकाओं में काफी आक्रोश है। शिक्षिकाओं का कहना था क्यों झारखंड सरकार छत्तीसगढ़ व बिहार सरकार की तरह समान काम का समान वेतन नहीं दे रही, यह समझ में नहीं आ रहा है। आज झारखंड में पारा शिक्षकों के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नींव पड़ी है। मालूम हो कि पूर्वी सिंहभूम में कुल 2198 पारा शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें से 330 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय (नव प्राथमिक विद्यालय) पूरी तरह 660 पारा शिक्षकों द्वारा संचालित हो रहे हैं।

-------------
चुनाव बहिष्कार व भाजपा को सबक सिखाने की धमकी
एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुमित कुमार तिवारी ने उपायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान कहा कि आने वाले चुनाव में राज्य के सभी पारा शिक्षक चुनाव बहिष्कार का कार्य करेंगे। सिर्फ यही नहीं वे भाजपा को हराने के वाले प्रत्याशी के पक्ष में खुले तौर पर कार्य करेंगे। भाजपा ने पारा शिक्षकों के पीठ पर छुरा घोंपा है। पारा शिक्षकों पर अपराधियों जैसा बर्ताव राज्य सरकार कर रही है।

-------------
वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा शिक्षा विभाग
पारा शिक्षकों के हड़ताल पर चले जाने के बाद शिक्षा विभाग वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक वृजमोहन कुमार ने बताया कि पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा की ओर से हड़ताल पर जाने की सूचना प्राप्त हुई है। पारा शिक्षकों द्वारा संचालित नव प्राथमिक विद्यालयों में सबसे पहले शिक्षकों का प्रतिनियोजन किया जाएगा। इसके बाद प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति का अवलोकन करने के बाद इन स्कूलों में भी शिक्षकों का प्रतिनियोजन किया जा सकता है।
-------------
पूर्वी सिंहभूम में कहां कितने पारा शिक्षक हैं कार्यरत
प्रखंड - पारा शिक्षकों की संख्या
1. धालभूमगढ़ - 132
2. जमशेदपुर वन - 157
3. जमशेदपुर टू - 176
4. बहरागोड़ा - 193
5. डुमरिया - 168
6. चाकुलिया - 242
7. पटमदा - 108
8. बोड़ाम - 113
9. पोटका - 437
10. घाटशिला - 154
11. गुड़ाबांदा - 161
12. मुसाबनी - 157
--
-जिले में पारा शिक्षकों की संख्या 2198
-इसमें 330 नव प्राथमिक विद्यालयों में पारा शिक्षक 660 है कार्यरत

-इन नव प्राथमिक विद्यालयों में 16000 बच्चे पढ़ते हैं

UPTET news

Photography