हुसैनाबाद प्रखंड के पतरा खुर्द पंचायत में एक विद्यालय एचएम व पारा
शिक्षकों के आपसी विवाद को लेकर दो दिनों से विद्यालय बंद है। पतरा खुर्द
गांव स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में एक प्रधानाध्यापक और पांच पारा शिक्षक
पदस्थापित हैं। विवाद मिड-डे मील चलाने को लेकर है।
पारा शिक्षक यह काम
खुद करना चाहते हैं, लेकिन पदस्थापित होने के बाद प्रधानाध्यापक ने यह काम
खुद अपने हाथों में ले लिया, जो पारा शिक्षकों को नागवार गुजरा।
मंगलवार को भी विद्यालय बंद पाया गया तो ग्रामीणों ने मुखिया ललु
रजवार से शिकायत की। मुखिया ने मामला को गंभीरता से लेकर प्रखंड शिक्षा
प्रसार पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा से किया। बीईओ सुनील कुमार सिन्हा ने
विद्यालय पहुंचकर पारा शिक्षक एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर विद्यालय को
नियमित रूप से संचालन करने का निर्देश दिया। बीईओ सुनील कुमार सिन्हा ने
बताया कि एचएम बिनोद राम एवं पारा शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल नहीं बैठ
पाने के कारण विद्यालय बंद था। आगामी बकरीद पर्व की छुट्टी के बाद
विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई होगी। इधर विद्यालय के प्रधानाध्यापक
बिनोद राम का कहना है कि मैं दो दिन के छुट्टी स्वीकृत कराकर बाहर हूं।
उन्होंने कहा कि छुट्टी आने से पूर्व विद्यालय के पारा शिक्षकों को चाभी दे
रहा था, लेकिन पारा शिक्षकों ने लेने से इनकार किया।