रांची। सेवा नियमित समेत, समान कार्य के लिए समान वेतन समेत अन्य मांगों को
लेकर पारा शिक्षक 17 अप्रैल से राज्य के पांच प्रमंडलों में पदयात्रा शुरू
करेंगे।
इसकी रणनीति तैयार कर ली गई है। एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा
के हृषिकेश पाठक, बजरंग प्रसाद, विनोद बिहारी महतो और संजय कुमार दुबे ने
बताया कि पारा टीचर्स की लंबित मांगों पर आज तक सरकार ने कार्यवाही शुरू
नहीं की, इसलिए विवश होकर पदयात्रा करने का निर्णय लिया गया है। शनिवार को
मोर्चा की बैठक में उपरोक्त निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम के अनुसार, उत्तरी छोटानागपुर में कोडरमा से पदयात्रा शुरू
होगी। इसी प्रकार दक्षिणी छोटानागपुर में गुमला से, पलामू प्रमंडल में
मेदिनी नगर, संथाल परगना में देवघर और कोल्हान प्रमंडल में जमशेदपुर से
पदयात्रा शुरू होगी। इसके बाद भी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो 23
अप्रैल को सीएम आवास का घेराव किया जाएगा।
इसमें राज्यभर के 70 हजार पारा शिक्षक शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप
से संजय कुमार दुबे, विनोद बिहारी महतो, हृषिकेश पाठक, बजरंग प्रसाद,
सिंटू समेत अन्य शामिल थे।